कबरई (महोबा)। थाना कबरई के मकरबई गांव में पारिवारिक विवाद में युवकों ने शुक्रवार की रात हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने जांच की। पुलिस पीड़ित परिवार को अपने साथ थाने ले आई। जहां उनसे पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है जबकि आरोपी फरार है।
मकरबई खोड़ा निवासी जयसिंह की पत्नी मीरा यादव ने बताया कि उसके देवर अविवाहित हैं। घर की पूरी जमीन पर कब्जा किए हैं और हिस्सा नहीं दे रहे हैं। जिसकी कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे उनके हौंसले बुलंद हैं।
बताया कि शुक्रवार की रात बंटवारे की बात करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की। जिससे उन्होंने किसी तरह कमरे के अंदर छिपकर जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल यूपी 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पीड़िता और उसके पति को थाने ले आई। ग्रामीणों ने बताया कि फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों का क्षेत्र में आतंक है। पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ता से मामले की जानकारी ली जा रही है। आरोपी फरार हो गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।