महोबा। जिला उप कारागार में चल रहे सात दिवसीय योग शिविर का रविवार को समापन हो गया। योग वेलनेस सेंटर राजकीय आयुर्वेद अस्पताल के योग प्रशिक्षक सचिन गुप्ता ने बंदियों को योगाभ्यास कराया। कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न व मस्तिष्क तेज रहता है। योग न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। योग प्रशिक्षक ने कहा कि आज की जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग केवल शरीर को ही स्वस्थ नहीं रखता बल्कि यह विचारों को भी शुद्ध करता है। इस दौरान उन्होंने यौगिक जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, योग निद्रा, त्राटक, कपालभाति, प्राणायाम, योग मुद्राएं आदि का योगाभ्यास कराया। साथ ही इन योगाभ्यास के लाभ और सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। जेलर पीके मिश्रा ने कहा कि योग शिविर का उद्देश्य बंदियों के भीतर सकारात्मक बदलाव लाना है ताकि वे मुख्यधारा में लौटकर बेहतर नागरिक बन सकें। इस मौके पर डिप्टी जेलर माधुरी तिवारी, जितेंद्र सिंह, पंकज आदि मौजूद रहे।