खरेला (महोबा)। थाना खरेला के पहरेथा गांव में भवन निर्माण के दौरान हाईटेंशन लाइन में लोहे की सरिया छूने से एक श्रमिक की मौत हो गई। युवक की एक वर्ष पहले शादी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहरेथा निवासी कामता प्रसाद के बेटे रामबाबू (25) की जून 2023 में शादी हुई थी। वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार की सुबह वह गांव के ही नृपत पाल के यहां चल रहे भवन निर्माण में मजदूरी करने गया था। छत डालने के लिए लोहे के सरिया बिछाते समय एक सरिया ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन में छू गया।
इससे लगे करंट से रामबाबू अचेत होकर गिर गया। लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। गंभीर हालत में श्रमिक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरेला ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों को अस्पताल परिसर में रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मामले की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को भी दी गई।