महोबा। जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को अजीबोगरीब मामला सामने आया। 55 वर्षीय महिला के मोबाइल नंबर पर फोन कर परेशान करने और शादी करने की जिद पर अड़ा युवक उससे मिलने अस्पताल पहुंच गया। शोहदे को देखते ही महिला ने अस्पताल परिसर में ही उसकी पिटाई कर दी। जिससे वहां भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान आरोपी खिसक गया।
थाना श्रीनगर के ननौरा गांव निवासी रामरती के मोबाइल पर एक माह से अनजान नंबर से फोन आ रहा था। जिसमें फोन करने वाला शोहदा अश्लील बातें करते हुए शादी करने का दबाव बना रहा था। महिला को फोन कर उससे आने की बात कही जा रही थी। शोहदे को यह नहीं पता था कि जिस महिला से वह बात कर रहा है, वह उसकी मां की उम्र की है।
शनिवार की सुबह एक बार फिर शोहदे ने फोन कर जिला अस्पताल में मिलने की बात कही। बार-बार कॉल करने से परेशान महिला अस्पताल पहुंची और शोहदे को देखते ही पिटाई शुरू कर दी। जिससे लोगों का मजमा लग गया। हर कोई मामला जानकर चकित रहा। मारपीट का पूरा वीडियो कुछ लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया। महिला द्वारा शोहदे को सबक सिखाने पर हर कोई नारीशक्ति की तारीख करता नजर आया।