महोबा। कोतवाली क्षेत्र के शाह पहाड़ी गांव में लेनदेन के विवाद में दबंगों ने एक युवक को पीटकर अगवाकर लिया। बीच-बचाव करने दौड़ी मां और भाभी को भी पीटा। पुलिस ने पीड़ित व आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शाह पहाड़ी गांव निवासी रणधीर गांव के ही कुछ लोगों का उधार रुपये लिए है। जिसका आरोपी ब्याज सहित दस गुनी रकम मांग रहे थे। शुक्रवार की शाम रणधीर घर के दरवाजे पर खड़ा था। तभी दूसरे पक्ष का युवक अपने साथियों के साथ वहां जा पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। बाद में आरोपी रणधीर को खींचकर अपने साथ ले जाने लगे। शोर-शराबा सुनकर बचाने दौड़ी मां व भाभी को भी दबंगों ने मारा पीटा और युवक को जबरन बाइक में बैठाकर ले गए। सूचना पर पुलिस ने पीड़ित रणधीर व आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जिनसे कोतवाली में पूछताछ की जा रही है। पीड़ित के भाई बाल गोविंद ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। अगवा करने जैसी बात नहीं है। दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।