महोबा। क्षेत्र पंचायत कबरई में 10 करोड़ से बिजली, पानी, सड़क, नाली आदि विकास कार्य कराए जाएंगे। विकास के प्रस्तावों को बैठक में हरी झंडी मिल गई है।
शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की वार्षिक कार्ययोजना की बैठक ब्लॉक प्रमुख अवनींद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। जिसमें मुख्य अतिथि महोबा-हमीरपुर सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी व विकासपरक योजनाओं को पात्रों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने गांव के प्रतिनिधियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली के साथ व्यावसायिक कृषि को बढ़ावा देने की अपील की।
बैठक में प्रभारी खंड विकास अधिकारी चित्रसेन सिंह ने पिछले वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में 8.70 करोड़ रुपये से कराए गए 125 कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 10 करोड़ रुपये के प्रस्ताव की कार्ययोजना पेश की गई। समिति के सदस्यों ने सर्व सम्मति से कार्ययोजना पारित की। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयप्रकाश अनुरागी, अवधेश गुप्ता, गोरेलाल समेत क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।