महोबा। तहसील कुलपहाड़ की ग्राम पंचायत रगौली में चकों की पैमाइश होने के बाद भी कब्जा परिवर्तित न होने से ग्रामीण परेशान हैं। मंगलवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम गजल भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा और चकों पर कब्जा परिवर्तित कराए जाने की मांग की। रगौली निवासी रघुनाथ, लाल सिंह, बृजबिहारी, पुष्पेंद्र, मुलायम, रेशमा सिंह, लाल सिंह आदि ने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2020 में गांव के चक पुष्टिकृत हुए थे। कुछ चकों की पैमाइश करने के बाद कब्जा परिवर्तन करा दिया गया था लेकिन गांव के कुछ दबंग व्यक्तियों की ओर से व्यवधान पैदा करने के चलते चकों पर कब्जा परिवर्तन नहीं हो पाया है। इस संबंध में उप संचालक चकबंदी की ओर से एसडीएम कुलपहाड़ को कब्जा परिवर्तन में बाधा उत्पन्न कराने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। ताकि निर्बाध रूप से सीमांकन कार्य पूरा हो सके लेकिन कब्जा परिवर्तन नहीं कराया गया। इससे ग्रामीण परेशान हैं।