खरेला (महोबा)। थाना खरेला के एक गांव में अनुसूचित जाति की किशोरी से घर में घुसकर छेड़खानी के मामले में चाचा-भतीजे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी 17 जुलाई की रात घर के आंगन में सो रही थी। तभी गांव के ही चाचा-भतीजे दीवार फांदकर घर में घुस गए और किशोरी से छेड़खानी करने लगे। शोर मचाने पर परिजनों के आते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। परिजनों ने थाने में घटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहकर टरका दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने एसपी सुधा सिंह को पूरा मामला बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर शनिवार को आरोपी प्रह्लाद व भतीजे प्रदीप के खिलाफ छेड़खानी, पॉक्सो व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष अनूप कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)