पनवाड़ी (महोबा)। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर चल रहे दोहरीकरण के काम के दौरान खुदाई में घुटई फीडर की भूमिगत बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे 12 गांव की बिजली गुल हो गई। उमस के मौसम में बिजली न आने से लोग बेहाल रहे। लाइन कब दुरुस्त होगी, इसकी कोई उम्मीद नहीं है।
ब्लॉक पनवाड़ी के घुटई फीडर से पिपरी, भड़वारा, दिदौरा, सौरा, चौका, मानकी, रावतपुरा, कुआंखेड़ा, घुटई, खुर्दखेड़ा समेत 12 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। इस समय रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है। जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान भूमिगत बिजली केबल क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे 12 से अधिक गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरे दिन बिजली न आने से लोग परेशान रहे। वहीं इलेक्ट्रॉनिक कारोबार ठप रहा।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से जानकारी ली लेकिन बिजली कब आएगी, इसकी सही जानकारी कोई नहीं दे सका। अवर अभियंता अनीस अली का कहना है कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण के दौरान लाइन में दिक्कत आई है। मौके पर जाकर जांच की गई और मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। जल्द ही लाइन दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
जेई ने पकड़ा अवैध ट्रांसफॉर्मर, दी तहरीर
महोबा। बिजली उपकेंद्र अजनर के अवर अभियंता अमित कुमार पांडेय सोमवार को टीम के साथ चेकिंग के लिए जा रहे थे। तभी एक लोडर में 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर आता दिखा। चालक से पूछतांछ करने पर पता चला कि यह ट्रासंफॉर्मर अवैध तरीके से महोआ से लाया जा रहा था। जिससे विभाग को वित्तीय हानि व जनहानि की संभावना है। जेई ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर बेचने व रिपेयरिंग करने के लिए केवल विद्युत विभाग चरखारी कार्यशाला है जबकि यह ट्रांसफॉर्मर दूसरे स्थान से लाया जा रहा है। जेई ने थाना अजनर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की मांग की है।