कुलपहाड़ (महोबा)। कुलपहाड़-जैतपुर मार्ग पर तीन दिन पहले ऑटो सवार सराफा व्यापारी को तमंचे के बल पर लूटपाट का शिकार बनाए जाने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है।
पुलिस अधीक्षक की फटकार के बाद घटनास्थल पर रात के समय दो सिपाहियों की ड्यूटी लगा दी गई है। वह आने-जाने वाले लोगों के साथ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर नजर रखेंगे। कस्बा कुलपहाड़ निवासी राजेंद्र कुमार सोनी कस्बा अजनर में संचालित सोने-चांदी की दुकान बंदकर 27 अप्रैल की रात ऑटो से घर वापस लौट रहे थे।
तभी कुलपहाड़ रेलवे अंडरब्रिज के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसके कब्जे से 20 हजार की नकदी व करीब चार लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। डीआईजी और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
घटना को लेकर एसपी अपर्णा गुप्ता ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने घटनास्थल रेलवे अंडरब्रिज में रात के समय दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है।
पीड़ित व्यापारी से मिले पूर्व सांसद
कुलपहाड़ (महोबा)। पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने मंगलवार को पीड़ित व्यापारी राजेंद्र कुमार सोनी के घर पहुंच मुलाकात की। भरोसा दिया कि घटना में जो अपराधी शामिल होंगे, वह पकड़े जाएंगे। उन्होंने एसपी से भी बात की। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। इस दौरान पीड़ित ने आरोप लगाते हुए पूर्व सांसद को बताया कि वह दुकान खोलने गए थे। जहां थानाध्यक्ष अजनर ने अभद्रता की और दुकान न खोलने की बात कही। इससे वह परेशान हैं।