कबरई (महोबा)। महोबा-कबरई रोड पर तेज रफ्तार ट्रक (ट्राला) ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारकर 500 मीटर तक घसीटा। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी।
कबरई के किदवईनगर निवासी सुनील कुशवाहा (23) मकरबई गांव स्थित राजा नट का बटाई पर खेत लिए था। फसल पककर तैयार हो जाने पर शुक्रवार की रात 12 बजे सुनील अपने साथी बांदा के जलालपुर निवासी अंसार (18) के साथ बाइक से फसल की थ्रेसिंग कराने खेत जा रहा था। हाईवे पर कबरई के पास स्थित राधे श्याम सेल्स कॉर्पोरेशन के सामने महोबा की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के आगे के हिस्से में फंस गई। इससे बाद ट्रक चालक बाइक व दोनों युवकों को 500 मीटर तक घसीटते हुए चला गया। इससे दोनों की मौत हो गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना से गुस्साए परिजनों ने टायरों की हवा निकालते हुए तोड़फोड़ की। दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है।