कबरई (महोबा)। बारिश व ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने से आहत किसान ने फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना कबरई के बरबई गांव निवासी लखनलाल उर्फ लाखन विश्वकर्मा (43) के पास 13 बीघा भूमि थी। जिसमें वह खेती-किसानी का काम करता था। बारिश व ओलावृष्टि से खेत में पानी भर जाने के चलते मटर की फसल बर्बाद हो गई। मंगलवार की रात लखनलाल खेत की रखवाली करने जाने की बात कहकर घर से निकला। रात में किसान ने खेत में लगे पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब किसानों ने लखनलाल को फांसी पर लटकता देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतक की पत्नी माया, तीन पुत्र गौरव, छुटटू व अंकू का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी ने बताया कि आर्यावर्त बैंक से डेढ़ लाख रुपये का कर्ज भी है। जिसकी अदायगी की चिंता पति को सता रही थी।