बेलाताल (महोबा)। भीषण गर्मी व उमस के मौसम में अघोषित बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने जैतपुर-श्रीनगर मार्ग पर टपरियन बस स्टैंड के पास जाम लगा दिया। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ व चौकी प्रभारी बेलाताल ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तब आधा घंटे बाद जाम खुल सका।
एक माह से बिजली की समस्या से जूझ रहे बगवाहा, ननवारा, टपरियन, रगौलियाखुर्द, पुरवा पनवाड़ी, बम्हौरिया, लेवा, मझगवां, रगौली, रिखवाहा, भदरवारा, अकौना, ठठेवरा, अकौनी, कैथोरा, अरघटमऊ, रामूपुरा, महुआबांध आदि गांव के ग्रामीण अघोषित बिजली कटौती व लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिससे सोमवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने टपरियन बस स्टैंड के पास जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि पिछले एक पखवाड़े से कम वोल्टेज आ रहा है। घंटों बिजली गुल रहने से उमस के मौसम में लोग बेहाल है। बिजली के अभाव में किसान खरीफ फसल की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे है। जाम की सूचना पर कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ लाखन सिंह और चौकी प्रभारी बेलाताल दिनेश कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंच ग्रामीणों को समझाया और बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता करके समस्या का समाधान कराए जाने की बात कही। तब आधा घंटे बाद जाम खुला और आवागमन बहाल हो सका।