संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज में युवा पर्यटन कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न इंटर कॉलेजों के पर्यटन युवा क्लब के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और पर्यटन से जुड़े पोस्टर व पेंटिंग बनाई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्रों को एक दिवसीय पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए चयनित किया गया।
कॉन्क्लेव में छात्रों ने जिले की धरोहरों व पर्यटन स्थलों की पेटिंग, पोस्टर, फोटोग्राफी, सेल्फी व एल्बम तैयार किए। साथ ही पर्यटन प्रमोशन के लिए रील, ब्लॉग आदि तैयार कर निर्णायक मंडल के समक्ष पेश किए। पर्यटन सूचना अधिकारी चित्रगुप्त ने बताया कि 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर चयनित छात्रों को धरोहरों का दीदार कराया जाएगा। धरोहरों व पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन किया गया। पर्यटन को लेकर छात्रों में खासी जिज्ञासा देखने को मिली। इस दौरान दया वर्मा, नीरज, प्रभा निगम, कमलेश, अनुज मिश्रा, राजकिशोर आदि मौजूद रहे।