बेलाताल (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर के सीगौन गांव में तीन किलोमीटर सड़क निर्माण न होने से मतदाता परेशान हैं। मतदाताओं ने चुनाव से पहले सड़क की मरम्मत कराने की मांग डीएम से की है। उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन कुलपहाड़ एसडीएम अनुराग प्रसाद को सौंपा।
एसडीएम कुलपहाड़ को सौंपे ज्ञापन में रामशंकर, रामनरेश, देवीकनंदन, माधव प्रसाद, नवल सिंह आदि ने बताया कि सीगौन गांव वासियों को कामकाज के लिए प्रतिदिन एमपी के कस्बा नौगांव जाना पड़ता हे। सीगौन से खजुराहो-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचने के लिए तीन किलोमीटर सड़क खराब है। पिछले 25 सालों से इस सड़क पर कोई मरम्मत नहीं हुई। इसको लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से मांग की गई लेकिन आज तक सड़क नहीं बन सकी। जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत होती है। इस मार्ग से सीगौन के अलावा बघौरा, बुधवारा और आरी के नागरिक आवाजाही करते हैं।
-
ग्रामीणों ने बयां किया दर्द
सीगौन निवासी अरविंद मिश्रा का कहना है कि सड़क खराब होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित है। गांव में केवल आठवीं कक्षा तक का विद्यालय है। उच्च शिक्षा के लिए अधिकतर बच्चों को इसी मार्ग से मप्र के नौगांव कस्बे में जाना पड़ता है। खराब मार्ग के कारण बच्चे उच्च शिक्षा ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। मतदान से पहले सड़क बननी चाहिए।
-
सीगौन निवासी रामनाथ कुशवाहा का कहना है कि चुनाव के समय सभी आते हैं। गांव के विकास के झूठे वादे करते हैं। फिर लौट कर नहीं आते। मार्ग खराब होने से बच्चों की शादी-ब्याह में दिक्कत आती है। कभी दुख तकलीफ हो तो समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाते है। जिससे ग्रामीणों को दिक्कत होती है। सड़क का निर्माण जरूरी है। सड़क के निर्माण की मांग की जा रही है।
-
सीगौन निवासी नत्थूबाबा का कहना है मार्ग बेहद खराब है। सीगौन से दौरिया तक तीन किलोमीटर मार्ग में गड्ढे ही गड्ढे है। कई वर्षों से नेताओं ने कोरे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं दिया । इस बार सभी ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क बनवाने की मांग की है।