महोबा/कबरई। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से किसान समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
थाना कबरई के मकरबई निवासी रामाधार रैकवार (48) दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। एक सप्ताह पहले बड़े भाई रामआसरे की बेटी प्रियंका की शादी में शामिल होने गांव आया था। बृहस्पतिवार को उसके रिश्तेदार भी आए थे। रात करीब 10 बजे रिश्तेदारों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर उन्होंने रामाधार से बदसलूकी कर दी।
इससे आहत होकर वह घर से निकल गया और मकरबई रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार में मृतक की पत्नी मालती, बेटा सौखीलाल, बेटी संगीता, मंजू और संजू हैं। थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि घरेलू विवाद में आत्महत्या की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जनपद बांदा के गुरहा थोक निवासी रामआसरे पाल (75) आठ बीघा भूमि में खेती-किसानी करते थे। बृहस्पतिवार की रात वह खेत से घर लौट रहे थे। ट्रैक पार करते समय अचानक ट्रेन आने से वह चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। मृतक के छोटे बेटे लल्लू ने बताया कि पिता को कम सुनाई देता था। हो सकता है ट्रेन आने की आवाज न सुन पाने के चलते घटना हुई।
तीसरी घटना में चरखारी रोड पर झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर सूपा स्टेशन के पास ग्रामीण ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए है। हेड कांस्टेबल बालगोविंद मिश्रा ने बताया कि ग्रामीण की उम्र लगभग 55 साल लग रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है।