महोबा। लोकसभा चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में मास्टर ट्रेनर्स को ईवीएम और वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से आयोग की गाइड लाइन के तहत कराया जाए। मतदान के दिन पोलिंग बूथों की वेब कास्टिंग होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान की पूरी प्रक्रिया को अच्छे तरीके से समझते हुए अपनी जिम्मेदारी को निभाएं। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। संवेदनशील बूथों का भ्रमण किया जाए। निर्वाचन संबंधी बुकलेट का अध्ययन अच्छे तरीके से करें। ताकि निर्वाचन के दिन किसी भी प्रकार की समस्या न हो। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामप्रकाश, सीडीओ चित्रसेन सिंह, डिप्टी कलेक्टर मृत्युंजय मिश्रा, बीएसए अजय कुमार मिश्रा, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी हर्षवर्धन नायक आदि मौजूद रहे।