महोबकंठ (महोबा)। ब्लॉक पनवाड़ी के काशीपुरा गांव में बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों के घरों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के तार हवा चलने पर आपस में टकरा रहे हैं। जिससे चिंगारी छूट रही है। विभागीय अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे है। जिससे ग्रामीणों को हर समय बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के काशीपुरा गांव निवासी भान सिंह यादव रविवार को अपने खेत पर था। तभी खेत पर रखे ट्रांसफार्मर के खंभे के सपोर्टर के तार की चपेट में आकर करंट लगने से भान सिंह की मौत हो गई थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था।
राघवेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, दीनदयाल यादव, फिरोज खान आदि का कहना है कि गांव में 11 हजार केवी की लाइन घरों के ऊपर से निकली है। कुछ घरों को छूते हुए यह तार निकले हैं। तार जर्जर हालत में हैं। हवा चलने पर तारों के आपस में टकराने से चिंगारी निकलती है। बताया कि गांव के बाहर स्थित जूनियर हाईस्कूल के पास खुले में ट्रांसफार्मर रखा है। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
यहां बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। पूर्व में करंट की चपेट में आकर एक भैंस की मौत भी हो चुकी है। ट्रांसफार्मर के आसपास झाड़ियां भी उग आई हैं। इससे करंट का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर सुरक्षित रखवाए जाने व घरों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के तार अलग कराए जाने की मांग करते हुए डीएम से शिकायत की है।