खरेला (महोबा)। भाजपा मंडल खरेला की बैठक रविवार को आयोजित हुई। जिसमें सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने आगामी चुनाव को लेकर घर-घर जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर पर बैठक कर सरल एप डाउनलोड कराने का 16 जुलाई तक सौ फीसदी काम पूरा करने की पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। कहा कि बूथ की मजबूती ही विश्व की सबसे बड़ी भाजपा पार्टी की ताकत है।
कस्बे के मंगल सदन में मण्डल अध्यक्ष अभिषेक पाठक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला प्रभारी रामनरेश तिवारी ने हर कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को जरुरी बताया। कहा कि बूथ की मजबूती ही जीत का मूल मंत्र है। सांसद ने कहा कि संगठन के हित में सोचने और निरंतर निष्ठा से समर्पित कर्मयोगी बनकर कार्य करने वाले बूथ तक के कार्यकर्ताओं की ताकत ने देश में भगवा ध्वज फहराया गया है। तीसरी बार भी उसी तरह एकजुटता दिखाते हुए कार्य को समय से पूरा कर जीत का मंत्र घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंचाना है। इस मौके पर आईटी प्रमुख सुनील सेंगर, जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता, चरखारी ब्लाक प्रमुख सीमा कुशवाहा, संदीप शुक्ला, मयंक तिवारी, निरुपमा तिवारी, उमेश गुप्ता, तेज सिंह आदि मौजूद रहे।