शहर के राम नगर में अरहर की दाल लेकर जा ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। लेकिन घटनास्थल पर मौजूद मोहल्लेवासी और ट्रक चालक बाल-बाल बच गए।
रविवार को अपराह्न एक बजे ट्रक चालक किशोरी दाल मिल से 30 टन अरहर दाल लोड कर आजमगढ़ जा रहा था। शहर के कलेक्ट्रेट की ओर जाते समय मोहल्ला रामनगर ढाई की चढ़ाई के दौरान अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। जिससे ढाल पर चढ़ रहा ट्रक वापस पीछे की ओर जाने लगा। चालक ने ब्रेक लगाकर ट्रक को रोकने का प्रयास किया लेकिन ब्रेक काम न करने से ट्रक बेकाबू हो गया। तभी चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को सड़क किनारे की ओर मोड़ दिया। जिससे ट्रक बिजली के खंभे से टकराते हुए पलट गया। जिससे घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। ट्रक पलटने पर ट्रक सवार चालक जनपद रायबरेली के थाना नसीराबाद के ग्राम पूरे कलंदर निवासी मुबीन पुत्र यार मोहम्मद बाल-बाल बच गया, वहीं रामनगर मोहल्ले में सड़क किनारे खेल रहे बच्चे और घराें के बाहर बैठी महिलाएं भी बाल-बाल बच गईं।