महोबा। दिवाली की शुरुआत इस बार बलिदानियों की स्मृति में दीप जलाकर होगी। बुंदेली समाज की ओर से नरक चतुर्दशी पर हवेली दरवाजा स्थित बलिदानी स्थल पर 1,001 दीप जलाकर एक दीया बलिदानियों के नाम अभियान शुरू किया जाएगा। इस दौरान सन् 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम में शहीद हुए 16 क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने बताया कि अभियान 11 वर्षों से लगातार चल रहा है। शाम पांच बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम के बाद कारगिल बलिदानी बालेंद्र सिंह समेत दिनेश बुधौलिया, जगदीश यादव व राकेश चौरसिया की समाधियों पर भी दीपदान और पुष्पांजलि की जाएगी। उन्होंने बताया कि हवेली दरवाजा स्थित बलिदानी स्थल पर फांसी दिए गए क्रांतिकारियों का ऐतिहासिक विवरण उपलब्ध नहीं होने से वे गुमनाम रह गए। स्थल अतिक्रमण की चपेट में है। यहां शीघ्र बलिदानियों की याद में स्मारक बनना चाहिए।