महोबा/कुलपहाड़। कोतवाली कुलपहाड़ व पनवाड़ी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर जंगल और खेतों में लगी भीषण आग कई किमी तक फैल गई। गनीमत रही कि अग्निशमन टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। अन्यथा आग आबादी के पास पहुंचने वाली थी। इससे जनहानि भी हो सकती थी।
कुलपहाड़ क्षेत्र के सतारी, चारुआ व पनवाड़ी क्षेत्र के भरवारा गांव के जंगल और खेतों में भीषण आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख लोग दौड़ पड़े। आसपास के जलस्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया। साथ ही घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
तब प्रभारी अग्निशमन अधिकारी देवेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग को आबादी तक पहुंचने से रोक लिया गया। जिससे किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान में लगी आग से लाखों का नुकसान
चरखारी। तहसील चरखारी के भटेवराकलां गांव में एक मकान में लगी आग से लाखों का माल जल गया। पीड़ित बाबूलाल कुशवाहा ने बताया कि पड़ोसी किसान ने अपने खेत में आग लगा दी थी। आग उसके खेत में बने मकान तक पहुंच गई। जिससे वहां रखी दो क्विंटल अरहर, चार क्विंटल चना, 70 पाइप समेत साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हो गया। पीड़ित ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर अग्निकांड की घटना में क्षति का आंकलन कराकर सरकारी सहायता दिलाए जाने की मांग की है। (संवाद)