महोबा। शहर के मोहल्ला नयापुरा बंधानवार्ड में मामूली विवाद को लेकर 12 से अधिक दबंगों ने घर में घुसकर पूरे परिवार को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों काे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नयापुरा बंधानवार्ड निवासी खालिद ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार की सुबह वह छोटे भाई नादिर के साथ ई-रिक्शा घर पर रख रहा था। इस दौरान एक बाइक सवार रास्ते से निकल रहा था। तभी ई-रिक्शा बाइक में लग गया। जिससे दोनों की बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली में लाकर मामला शांत कराया लेकिन खुन्नस खाए दबंगों ने खालिद के घर में घुसकर पूरे परिवार को लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटा। पुलिस ने घायल खालिद, उसके भाई नादिर, हैदर, बहन शाहीन व पिता कल्लू को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए जांच शुरु कर दी है। उधर, कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।