महोबा। तेज बारिश के बीच बिजली गिरने से छत पर नहा रही एक किशोरी की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एक घंटे हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस से कुछ राहत मिली।
शहर के मोहल्ला टिकरीपुरा निवासी राजू रैकवार की बेटी अंजलि (16) दोपहर के समय बारिश होने पर छत पर नहा रही थी। तभी तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आने से किशोरी अचेत होकर गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लाए।
जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंजलि पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और कक्षा नौवीं की छात्रा थी। घटना से मां राधा, बहन सपना, चांदनी, भाई सूरज व अंशू का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस और राजस्व विभाग को दी गई है।
उधर, कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वैज्ञानिक एसपी सोनकर का कहना है कि आगामी तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रह सकता है। हल्की और रिमझिम बारिश की संभावना है।