संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं व तैनात शिक्षकों की उपस्थिति अब ऑनलाइन लगेगी। लेखा-जोखा भी टेबलेट के माध्यम से किया जाएगा। जिले में शासन की ओर से भेजे गए टेबलेट का वितरण शुरू हो गया। कार्यक्रम का आयोजन कर सभी ब्लॉकों को प्रथम चरण में पांच-पांच टेबलेट वितरित किए गए जबकि शेष टेबलेट संबंधित ब्लॉक के बीआरसी कार्यालय में पहुंचाए गए हैं।
सेवायोजन सभागार में शनिवार को टेबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, विधायक राकेश गोस्वामी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सिंगर और कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी ने जिले के कबरई, चरखारी, जैतपुर व पनवाड़ी ब्लॉक के लिए पांच-पांच टेबलेट वितरित किए। इस दौरान कहा गया कि परिषदीय स्कूलों में टेबलेट पहुंचने से अब कार्यों में तेजी आएगी। ऑनलाइन हाजिरी लगेगी। विभाग के अन्य काम करने में भी शिक्षकों को आसानी होगी।
जिले के 848 परिषदीय विद्यालयों के लिए शासन की ओर से 1,168 टेबलेट भेजे गए हैं। अब शिक्षकों को यह टेबलेट बीआरसी के माध्यम से मिलेंगे। इस मौके पर बीएसए अजय कुमार मिश्रा, आरटीई के जिला समंवयक शशांक सचान, निपुण भारत के जिला समंवयक प्रवीण वर्मा आदि मौजूद रहे।