महोबा। थाना पनवाड़ी क्षेत्र से निकली विरमा नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया छात्र डूब गया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने छात्र को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा पनवाड़ी के फावर हाउस के पास स्थित नई बस्ती निवासी मनीष (14) के पिता अजय पांचाल की आठ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। मनीष नेहरू इंटर कॉलेज में कक्षा नौवीं का छात्र था। रविवार को अवकाश का दिन होने के चलते मनीष अपने दोस्तों के साथ सुबह करीब नौ बजे विरमा नदी में नहाने चला गया। नहाते समय गहराई में जान से वह डूबने लगा। तब दोस्तों ने शोर-शराबा मचाते हुए परिजनों को सूचना दी।
घटना के बाद ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू शुरू कराया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद छात्र के शव को बाहर निकाला जा सका। बेटे की मौत से मां मानवती को गहरा सदमा लगा है। पति की मौत के बाद वह विद्यालय में रसोइया का काम करके दोनों बच्चों का भरण-पोषण कर रही थी। प्रभारी थानाध्यक्ष पनवाड़ी देवेंद्र मिश्रा का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।