महोबा। शहर के राठ रोड पर डीआईओएस कार्यालय के निकट स्थित राजकीय पुस्तकालय में अब किताबों का अध्ययन करने के लिए आने वाले छात्र-छात्राआें को तनाव प्रबंधन और कॅरिअर गाइडेंस की सुविधा मिलेगी।
इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से मार्गदर्शक भी नामित कर दिए गए हैं। दो इंटर कॉलेजाें के प्रधानाचार्यों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजकीय पुस्तकालय में पाठकों के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए बड़ी संख्या में छात्र आते हैं। पुस्तकालय का संचालन सुबह नौ से शाम पांच बजे तक किया जाता है। अब प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय पुस्तकालय में नई सुविधा की शुरूआत की गई है।
राजकीय पुस्तकालय में तनाव प्रबंधन के लिए साईं इंटर काॅलेज की प्रधानाचार्य आदर्श ज्योति व कॅरिअर गाइडेंस के तौर पर राजकीय इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार को मार्गदर्शक के तौर पर नामित किया गया है। प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार का कहना है कि इससे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होगी। (संवाद)