महोबा। साझेदारी में पेट्रोलपंप स्थापित कराने के नाम पर एक युवक से सात लाख रुपये हड़पे जाने का मामला उजागर हुआ है। शहर के पठा रोड भटीपुरा निवासी विजय प्रताप सिंह ने एसपी अपर्णा गुप्ता को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके मित्र अतुल पटेल ने पेट्रोलपंप में साझेदारी के नाम पर वर्ष 2018-2019 में सात लाख रुपये ले लिए लेकिन आजतक न तो पेट्रोलपंप लगा और न ही उसके रुपये वापस किए जा रहे हैं। आरोप लगाया कि विपक्षी उसकी कार ले गए और दुर्घटनाग्रस्त कर दी। रुपये वापस मांगने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जानमाल की धमकी दी जा रही है। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में अतुल पटेल, अनुराधा, शत्रुघन सिंह, परदेशी समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (संवाद)