मोहल्ला शेखनपुरा में राजेशाह बाबा की मजार के पास नगर पालिका की सार्वजनिक भूमि में दो सरकारी हैंडपंप लगे हुए हैं। यही नहीं इस मैदान में सार्वजनिक रूप से धार्मिक, वैवाहिक कार्य संपन्न होते हैं। मजार के पास सार्वजनिक भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा बारावफात की रात कब्जा करने की नीयत से मजार के नाम का बोर्ड लगा दिया गया था। इससे नाराज मोहल्लेवासियाें ने उप जिलाधिकारी से मिलकर आपत्ति दर्ज कराई थी। अतिक्रमण की खबर को अमर उजाला ने सात जनवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित भी किया था। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेने के बाद उप जिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने शनिवार को मौके पर जाकर मुआयना किया। एसडीएम के पहुंचने पर एकजुट हुए दो सैकड़ा से ज्यादा लोगाें ने मामले की जानकारी दी। कब्जा अवैध पाए जाने पर एसडीएम ने अतिक्रमणकर्ता को एक दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण न हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।