खरेला (महोबा)। पूर्व मंत्री कुंवर बादशाह सिंह ने जिले के अधिकारियों पर निरंकुश होने का आरोप लगाया है। जिले में हुए फसल बीमा घोटाले और बुंदेलखंड की व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने सरकार पर निशाना साधा है। दिवंगत बाबू रामेश्वर सिंह की पुण्य स्मृति पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ने कहा कि 30 साल के राजनीतिक सफर में उन्होंने इससे ज्यादा बदतर व्यवस्था नहीं देखी। निरंकुश अफसरशाही ने बुंदेलखंड को बदहाली की स्थिति में खड़ा कर दिया है। फसल बीमा जैसे बड़े-बड़े घोटाले सामने आ रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। गांव से शहर तक में जनता भेदभाव की राजनीति के चलते परेशान है। उन्होंने संगठित होकर फिर से कदम से कदम मिलाने का आह्वान किया। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजू गुप्ता, डॉक्टर वीरेंद्र मिश्रा, ओमप्रकाश गुप्ता, शिक्षक बृजगोपाल सिंह, निरपत राजपूत, सुरेश सिंह, राजेंद्र सिंह, अजय सिंह, वासुदेव वाजपेयी आदि मौजूद रहे। (संवाद)