महोबा। डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय सलाहकार समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि विशेष अभियान चलाकर महोबा जनपद में विक्रय हो रहे दूध, घी, मावा, पनीर और रंगीन मिठाइयों पर नमूना संग्रहण किया जाए। निर्देश दिए कि आगामी कांवड़ यात्रा व सावन मास को लेकर सभी एसडीएम से समन्वय बनाकर ढाबों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को शुद्ध भोजन सामग्री मिले। निर्देशित किया कि जनपद महोबा के कस्बा चरखारी स्थित तालाबों में मछली विक्रेताओं की ओर से मछलियों का अवशिष्ट तालाबों में न डाला जाए। नगर पालिका चरखारी और एसडीएम चरखारी से समन्वय बनाकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। बैठक में एसपी शशांक सिंह, एडीएम कुंवर पंकज, एसडीएम शिवध्यान पांडेय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी अरविंद कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्रकांत वाजपेयी मौजूद रहे। संवाद