महोबा। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित जिलास्तरीय समाधान दिवस में फरियादियों का टोटा रहा। समाधान दिवस में आईं 34 शिकायतों में महज तीन का निस्तारण हो सका।
कस्बा कबरई के रानी लक्ष्मीबाईनगर निवासी गोरेलाल ने समाधान दिवस में डीएम मनोज कुमार को शिकायत पत्र सौंपा। गोरेलाल ने हाथ जोड़कर बताया कि दबंग उसकी भूमि पर कब्जा किए हैं। राजस्व विभाग से नापजोख होने के बाद रात के समय पत्थर उखाड़कर फेंक दिए गए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिससे वह परेशान है। डीएम ने राजस्व विभाग को कब्जा हटवाने के निर्देश दिए।
इसी तरह बाजापुरा निवासी प्यारेलाल ने वृद्घा पेंशन, लंघानपुरा निवासी मकसूद, सुनील कुमार, मोहित आदि ने नाला निर्माण कराने की मांग की। डीएम ने सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर एक सप्ताह के अंदर निस्तारण के निर्देश दिए।
तीन बार दर्ज कराई शिकायत नहीं मिला आवास
पठानपुरा निवासी फरीदा ने बताया कि वह तीसरी बार समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराने आई है। उसके पति दिव्यांग हैं। उसने पति के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना का आवेदन किया था कार्यालय जाकर जानकारी करने पर उसे टहलाया जा रहा है। वह न्याय की आस में तीसरी बार शिकायत करने आई है।
----
नाला निर्माण की मांग के लिए भटक रहा किसान
कबरई के राजेंद्रनगर निवासी छोटेलाल ने बताया कि वह समाधान दिवस में चार बार शिकायत दर्ज करा चुका है। वर्मा तालाब के पास उसकी छह बीघा भूमि हैं। तालाब का पानी खेत में भर जाने से कई बार फसल बर्बाद हो चुकी है। पानी की निकासी के लिए नाला बनवाने की मांग की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ।