महोबा। कस्बा चरखारी के मोहल्ला भैरवगंज निवासी जावेद खान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका बैंक खाता एचडीएफसी बैंक में हैं।
22 जून को अज्ञात व्यक्ति ने उसका फोन हैक कर लिया और उसके बैंक खाते से चार बार में 20-20 हजार करके 80 हजार रुपये निकाल लिए। एक अन्य ट्रांजेक्शन 18 हजार रुपये का किसी एप के माध्यम से किया गया। इसके बाद 23 जून को 98 हजार व 24 जून को 93 हजार रुपये निकाले गए। इसका मोबाइल पर न तो कोई मैसेज आया और न ही रजिस्टर्ड आईडी पर कोई मेल। 24 जून की रात जब उसकी बहन ने बैंक खाते में 49 हजार रुपये जमा किए तो मैसेज आया, जिसमें वह बैलेंस देखकर परेशान हो गया। बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि उसके खाते से 2.89 लाख की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।