संवाद न्यूज एजेंसी
खरेला (महोबा)। कस्बे से निकले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर परथनिया गांव के पास बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक सवार देवर-भाभी को लूट लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना खरेला के कुआं खेड़ा गांव निवासी आशीष यादव अपनी भाभी रश्मि को उसके मायके तुन्ना गांव छोड़ने जा रहा था। शाम करीब पांच बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर परथनिया गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए तमंचा दिखाकर बाइक रोक ली। बाइक रुकते ही बदमाशों ने महिला की गोद से बच्ची को छीन लिया।
तमंचे के बल पर तीन हजार की नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल लूट ले गए। डरे सहमे पीड़ित ने थाना खरेला पहुंच पूरी घटना बताई। थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।