महोबा। महोबा डिपो की रोडवेज बसें बीच रास्ते में ही यात्रियों का साथ छोड़ रहीं हैं। जनपद हमीरपुर के मुस्करा से सवारियां भरकर महोबा आ रही बस खरेला से पहले बीच रास्ते में ही अचानक बंद हो गई। आधा घंटे तक प्रयास के बाद बस स्टॉर्ट न होने पर यात्रियों ने धक्का लगाया। जिससे बाद बस महोबा तक आ सकी।
महोबा डिपो से एक सैकड़ा बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित हैं। कुछ बसों को लंबे रूट पर दौड़ाया जा रहा है। बसें पुरानी होने के चलते रास्ते में ही खराब हो जाती है। रविवार की शाम रोडवेज बस महोबा से मुस्करा गई थी। वापस लौटते समय बीच रास्ते में बस बंद हो गई। चालक के काफी प्रयास के बाद भी बस स्टॉर्ट नहीं हुई। तब यात्रियों से धक्का लगवाया गया, तब बस स्टॉर्ट हुई। इस दौरान किसी ने बस में धक्का लगाते वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
बस में सवार यात्री दीपक, ममता, रामप्रकाश आदि ने बताया कि बस खराब होने से उनके समय की बर्बादी हुई। गनीमत रही कि धक्का लगाने से बस स्टॉर्ट हो गई, नहीं तो उन्हें दूसरे वाहन का सहारा लेना पड़ता।
उधर रोडवेज के एआरएम हेमंत कुमार मिश्रा का कहना है कि बसें पुरानी हैं। मुस्करा मार्ग की बस बंद हो गई थी। जिससे कुछ दिक्कत हुई, बाद में वह यात्रियों को लेकर गंतव्य आई।