पनवाड़ी (महोबा)। रंजिश के चलते दबंग ने ग्राम प्रधान को मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद दबंग ने प्रधान के छोटे भाई पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली बगल से निकलने के चलते वह बाल-बाल बच गया। पीड़ित प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।
कस्बा पनवाड़ी के पाठकपुरा निवासी प्रधान संजय द्विवेदी ने तहरीर में बताया कि 27 जुलाई को उसके मोबाइल पर पड़ोस के पवन यादव ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद छोटे भाई विजय द्विवेदी के मेडिकल स्टोर में पहुंच कर उसके ऊपर तमंचे से जानलेवा फायर कर दिया। इसमें विजय बाल-बाल बच गए। पीड़ित ने बताया कि 17 नवंबर 2021 को पवन यादव ने उसके पिता पर फायरिंग की थी। जिसका मुकदमा दर्ज है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी अपराधी किस्म का व्यक्ति है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पवन यादव के खिलाफ जानलेवा हमला, गाली-गलौज व धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष शिवआसरे का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।