महोबा। सर्विलांस की मदद से पुलिस की साइबर सेल ने जिले में खोये हुए 102 मोबाइल बरामद किए हैं। इन मोबाइलों को उनके स्वामियों को सौंपा गया। साइबर सेल प्रभारी रवि कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 102 खोये मोबाइल फोन बरामद करने में पुलिस को सफलता हासिल हुई है। इन फोन की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है। बुधवार को पुलिस लाइन सभाकक्ष में एसपी अपर्णा गुप्ता ने बरामद मोबाइल फोन को उनके स्वामियों को बुलाकर सौंपे। मोबाइल फोन बरामद करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल शरत कुमार, भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल अंशुल दुबे, दीपक वर्मा, शैलेंद्र प्रताप सिंह, सत्यम सिंह, सुरजीत कुमार आदि शामिल रहे। (संवाद)