महोबा। लाभांश बढ़ाए जाने की मांग को लेकर सरकारी राशन दुकानदार आंदोलित हो गए हैं। गुरुवार को ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसाेसिएशन के बैनर तले 18 से अधिक राशन विक्रेताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या का निस्तारण कराए जाने की मांग की। शैलेंद्र कुमार, रामदेवी, भगवानदास, लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने बताया कि सरकारी राशन दुकानदारों को 90 रुपये प्रति क्विंटल ही लाभांश मिलता है जबकि अन्य राज्यों में दो गुना से अधिक लाभांश दिया जा रहा है। उन्होंने अन्य राज्यों की तरह लाभांश दिए जाने की मांग की।(संवाद)
पदोन्नति वरिष्ठता सूची नियमानुसार बनाने की मांग
महोबा। जूनियर बेसिक विद्यालयों में पदोन्नति के लिए शिक्षकों की वरिष्ठता सूची नियमानुसार बनाने की मांग तेज हो गई। सहायक अध्यापक अंकित चतुर्वेदी, अर्चना राजपूत, वंदना गुप्ता आदि ने डीएम मृदुल चौधरी को बताया कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव ने वरिष्ठता के निर्धारण के लिए आदेश जारी किया है। इसके अनुसार एक ही नियुक्ति तिथि होने पर नियम तहत वरिष्ठता का निर्धारण होगा जबकि जिले के पोर्टल में अपलोड सूची वरिष्ठता के नियम का पालन नहीं करती है। उन्होंने नियमानुसार पदोन्नति सूची पोर्टल में अपलोड किए जाने की मांग की। (संवाद)