चरखारी (महोबा)। राशन वितरण में अनियमितता व कार्ड धारकों से अभद्रता की जांच में मामला सही पाए जाने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने खरेला की सरकारी राशन की दुकान निलंबित कर दी है। यहां के कार्ड धारकों को खरेला की दूसरी राशन दुकान से संबद्ध किया गया है।
विकासखंड चरखारी के कस्बा खरेला निवासी सुरेंद्र, विजय, कौशल्या, शैलेंद्र, नंदराम, खेमचंद्र, प्रियंका आदि ने 19 नवंबर को तहसील चरखारी में आयोजित समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि सरकारी राशन विक्रेता सावित्री देवी का पुत्र दीपक राशन सामग्री का वितरण करता है। जिसमें भारी अनियमितता व घटतौली की जा रही है। विरोध करने पर अभद्रता की जाती है।
मामले की जांच पूर्ति निरीक्षक चरखारी अनिल श्रीवास्तव को सौंपी गई थी। जांच में कार्ड धारकों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही राशन वितरण में अनियमितता पाई गई। जिसकी रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपी गई थी। डीएसओ राजीव तिवारी ने सावित्री देवी की सरकारी राशन दुकान को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि यहां के कार्डधारक श्यामा देवी की राशन दुकान से खाद्यान्न ले सकेंगे।