संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए यूपी बोर्ड ने एक और अहम कदम उठाया है। पहली बार कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड पर बार कोड व क्रमांक अंकित होगा। इस बार कक्ष निरीक्षकों के लिए बनने वाले आईकार्ड का प्रारूप यूपी बोर्ड मुख्यालय जारी करेगा। जारी प्रारूप पर ही डीआईओएस कार्यालय से कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड जारी होंगे।
माध्यिमक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से प्रस्तावित है। बोर्ड परीक्षा को लेकर शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेंद्र देव की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड परीक्षा 2024 नकलविहीन कराने के लिए परीक्षा कक्षों में निरीक्षण के लिए लगाए जाने वाले निरीक्षकों के लिए पहली बार एक सुरक्षित क्यूआर कोड व क्रमांकयुक्त कम्प्यूटराइज्ड परिचय पत्र तैयार कराया जाएगा। डीआईओएस कार्यालय में बोर्ड के पोर्टल से शिक्षकों के आईकार्ड का प्रोफार्मा डाउनलोड किया जाएगा।
प्रोफार्मा पर आवंटित परीक्षा केंद्रों का विवरण अंकित कर संबंधित कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा से एक सप्ताह पहले दिया जाएगा। परिचय पत्र पर संबंधित कक्ष निरीक्षक का अध्यापन विषय भी मुद्रित होगा, ताकि संबंधित विषयों की परीक्षा में उनके स्थान पर दूसरे अध्यापन विषय वाले अध्यापकों से कक्ष निरीक्षण का कार्य कराया जा सके। परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षण व परीक्षा संबंधी अन्य कार्यों के लिए अध्यापकों, प्रधानाचार्यों व अन्य कार्मिकों की ड्यूटी डीआईओएस की ओर से ही लगाई जाएगी।