महोबा। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में तरणताल के निर्माण का प्रस्ताव तीन साल से लटका है। तीन बार शासन को प्रस्ताव भेजे जाने के बाद भी हरी झंडी नहीं मिली। इससे स्टेडियम में तरणताल का निर्माण नहीं पा रहा है। ऐसे में तैराकी सीखने के लिए युवाओं को दिक्कत हो रही है। हालांकि, खेल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक बार फिर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन साल पहले तरणताल के निर्माण की मांग उठी थी। तब जिला उपक्रीड़ा अधिकारी रामचंद्र ने इसकी कार्ययोजना तैयार किए जाने को लेकर यूपीपीसीएल के अधिकारियों को पत्र लिखा था। यूपीपीसीएल के इंजीनियरों ने स्टेडियम का मौका मुआयना कर प्रस्तावित निर्माण स्थल की नापजोख की थी। यूपीपीसीएल की ओर से यहां तरणताल के निर्माण के लिए 3.71 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाकर खेल विभाग को सौंपी थी। इसके बाद जिला उप क्रीड़ा अधिकारी रामचंद्र ने कार्ययोजना के आधार पर प्रस्ताव तैयार किया था। डीएम के माध्यम से यह प्रस्ताव तीन साल पहले शासन को भेजा था। प्रस्ताव को हरी झंडी न मिलने पर जिला उप क्रीड़ा अधिकारी ने इसके बाद दो बार और डीएम के माध्यम से शासन को यह प्रस्ताव भेजा। स्टेडियम में तरणताल के निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। जिससे स्टेडियम में तरणताल तैयार नहीं हो सका।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो तरणताल का निर्माण कराया जाना है। एक तरणताल 10 गुणा 13 मीटर का जबकि दूसरा तरणताल 10 गुणा 26 मीटर का तैयार होना है। इसके साथ ही यहां बाथरूम, चेंजिंग रूम आदि भी प्रस्तावित हैं।
जिला उप क्रीड़ाधिकारी रामचंद्र का कहना है कि तरणताल के निर्माण को लेकर एक बार फिर प्रस्ताव शासन को भेजने की तैयारी है। स्टेडियम में तरणताल का निर्माण होने से तैराकी में भी युवा खिलाड़ी जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।