महोबा। चरखारी स्टेट के राजघराने में संपत्ति विवाद को लेकर तकरार लगातार बढ़ती जा रही है। 50 करोड़ की चल अचल संपत्ति के विवाद को लेकर बहन ने भाई पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरे पक्ष से मां ने बेटी के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चरखारी राजघराने की बेटी जयति सिंह ने चार दिन पहले एसपी अपर्णा गुप्ता को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उनके पिता जयंतसिंह जूदेव चरखारी स्टेट के महाराजा थे। उनकी मृत्यु के बाद से परिवार में संपत्ति को लेकर कलह चली आ रही है। आरोप लगाया कि संपत्ति बंटवारे में उसका छोटा भाई जयराज सिंह उसे संपत्ति में अधिकार नहीं दे रहा है। इसी बात को लेकर एक जून को विवाद हुआ था। जिस पर भाई ने उसके साथ मारपीट की थी। जो सीसीटीवी फुटेज में कैद है। जयति सिंह की तहरीर पर पुलिस ने भाई जयराज सिंह के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व धमकी की रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं दूसरे पक्ष से जयति सिंह की मां उर्मिला सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह विदेश से डेढ़ माह बाद रावबाग पैलेस लौटी तो उसकी पुत्री जयति सिंह ने खाना नहीं दिया और मारपीट की। बताया कि संपत्ति बंटवारे का मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। उसकी पुत्री गलत तरीके से दबाव बनाकर बंटवारा कराना चाहती है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जयति सिंह के खिलाफ मारपीट और धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।