चरखारी/खरेला। नगर पालिका चरखारी व नगर पंचायत खरेला में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभासदों का शपथ ग्रहण शनिवार को संपन्न हुआ। इस दौरान अध्यक्ष व सभासदों को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई गई। इसी के साथ ही चरखारी व खरेला में नगर की नई सरकार ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही अपना कामकाज भी शुरू कर दिया है।
चरखारी नगर पालिका में गोवर्धननाथ जू मंदिर परिसर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एसडीएम चरखारी श्वेता पांडे ने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष मंजू देवी को शपथ दिलाई। इसके बाद नवनिर्वाचित सभासद उम्मेद, अर्चना, शहाना निजामी, रामसेवक, पुष्पा, गीता, हरीहर अनुरागी, महेंद्र श्रीवास, मोहनी राजा, जीतेंद्र, करामत बेग, सद्दाम, सुरेंद्र प्रताप सिंह, नीरज कुमारी, रामदेवी, रामकिशोर, मुस्तफा, रानी द्विवेदी, नरेश कुशवाहा, अतुल द्विवेदी, शैलेंद्र तिवारी, शशिकांत तिवारी, पीयूष खरे, सरफराज और राजकुमार कुशवाहा को शपथ दिलाई गई।
उधर नगर पंचायत खरेला में डिप्टी कलेक्टर राजकुमार ने शाम करीब साढ़े चार बजे नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष सिंह को पद व गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई। इसके बाद निर्वाचित 12 वार्डो के सदस्य को भी शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मंत्री सिद्धगोपाल साहू, पूर्व विधायक अरिमर्दन सिंह, हमीरपुर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह यादव, मनोज तिवारी, प्राण सिंह यादव, शोभालाल यादव, भागीरथ नगायच, पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवपाल यादव आदि मौजूद रहे।
नगर पंचायत खरेला का शपथ ग्रहण समारोह तेज आंधी के चलते दो घंटे विलंब से हुआ। शपथ ग्रहण कार्यक्रम की भव्यता के लिए नगर के पावर हाउस मैदान में विशाल पंडाल लगाकर करीब तीन हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। दोपहर दो बजे तेज आंधी के कारण मंच और व्यवस्था तहस-नहस हो गईं। आधा घंटे बाद तेज हवाएं थमने पर दोबारा पंडाल लगाया गया। इसके बाद शाम साढ़े चार बजे शपथ ग्रहण हुआ।
शपथ ग्रहण समारोह का मंच सांस्कृतिक कार्यक्रम से गुलजार रहा। आकाशवाणी छतरपुर की लोकगीत कलाकार राजेश तिवारी और रोशनी पटेल ने बुंदेली लोकगीत पेश कर खूब वाहवाही बटोरी। शपथ ग्रहण के दौरान कुछ देर के लिए कार्यक्रम को रोका गया। इसके बाद बृज के कलाकारों ने रासलीला की झांकियों को प्रस्तुत किया जो आकर्षक का केंद्र रही। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। ईओ वेदप्रकाश सिंह, नगर पंचायत लिपिक महेंद्र श्रीवास्तव, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।