महोबा। सप्ताह में दो दिन प्रयागराज से चलकर महोबा रेलवे स्टेशन होते हुए हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन दिल्ली के बीच संचालित होने वाली विशेष ट्रेन का संचालन अब 28 अगस्त तक किया जाएगा।
इससे पहले रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन को 28 जुलाई तक चलाने के निर्देश दिए थे। अब यात्रियों को प्रयागराज व दिल्ली के बीच सफर करने में आसानी होगी।
ग्रीष्मकाल के समय यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से प्रयागराज से महोबा होते हुए दिल्ली तक विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया गया था। इसे एक माह के लिए और बढ़ा दिया गया है।
इस ट्रेन को प्रयागराज-मानिकपुर-हजरत निजामुद्दीन के बीच सप्ताह में दो दिन रविवार और बुधवार को 28 अगस्त तक चलाया जाएगा। वहीं हजरत निजामुद्दीन से यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन सोमवार व गुरुवार को 29 अगस्त तक संचालित होगी।
उत्तर-मध्य रेलवे के झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए ट्रेन के संचालन को एक माह के लिए और बढ़ा दिया गया है। ताकि, यात्रियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।