शनिवार को जनपद छतरपुर (मप्र) से शम्शाबाद जा रहा लाही लेकर जा रहा ओवर लोड ट्रक खन्ना कस्बे पर लेवलिंग मशीन को ओवरटेक करते समय असंतुलित होकर पलट गया। घटना में फंसे चालक व क्लीनर की आवाज सुनकर दौड़कर पहुंचे ग्रामीणों ने चालक व क्लीनर को बाहर निकाला। दुर्घटना में घायल चालक लवकुश नगर निवासी अश्विनी कुमार (27) पुत्र लक्ष्मी प्रसाद चौरसिया और क्लीनर हरीश चौरसिया (25) पुत्र गोविंद प्रसाद चौरसिया को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खन्ना में भर्ती कराया गया। उधर झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम भरवारा के पास महोबा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे जा रही बैलगाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। जिससे बैलगाड़ी दूर जा गिरी। दुर्घटना में बैलगाड़ी सवार ग्राम भरवारा निवासी गीता देवी (18) पुत्री ब्रजनंदी राजपूत घायल हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरवारा में भर्ती कराया। लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक की तलाश कर रही है।