महोबा। लाड़पुर रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद कर गेटमैन ने पटरियों पर लाल झंडा लगाया और केबिन में जाकर सो गया। इसी बीच आई पैसेंजर के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। लापरवाही के चलते गेटमैन को निलंबित कर दिया गया है।
झांसी-मानिकपुर रेलवे लाइन पर गेट नंबर 418 लाड़पुर में है। इस गेट पर धर्मवीर की तैनाती थी। गुरुवार को गेटमैन ने फाटक बंद किया और पटरियों के बीच लाल झंडा लगाकर सो गया।
कुछ देर बाद प्रयागराज से झांसी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आ गई। चालक ने पटरियों के लाल झंडे लगे देख कई बार हॉर्न बजाए। लाल झंडी न हटने पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दिया।
चालक व अन्य स्टाफ ट्रेन से उतरकर केबिन में पहुंचा, वहां गेटमैन सो रहा था। चालक और गार्ड ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम में दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच जांच की। झंडी हटाकर ट्रेन को रवाना किया गया। रेलवे के सहायक मंडल इंजीनियर देवेंद्र कुमार ने बताया कि लापरवाही बरतने पर गेटमैन धर्मवार को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच भी कराई जा रही है।