महोबा। ब्लॉक जैतपुर के नवीन प्राथमिक विद्यालय बघौरा के सहायक अध्यापक अजय कुमार को बीएसए डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने निलंबित कर दिया है। उनका नशे में हंगामा करने और पैंट उतारकर कक्ष में लेटने का वीडियो वायरल हुआ था। जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी गौरव शुक्ला ने बताया कि मेडिकल जांच में सहायक अध्यापक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। शिक्षक को अनुशासनहीनता का दोषी पाते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी। अजनर संवाद के अनुसार छात्रा रश्मि, पार्वती, हिमांशु आदि ने अजनर थाने में शिक्षक के खिलाफ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग करने की तहरीर दी है।