कबरई (महोबा)। थाना कबरई के बीला दक्षिण गांव में बृहस्पतिवार की रात पशुबाड़े में सो रही वृद्धा आग की चपेट में आने से जिंदा जल गईं। सूचना पर पहुंची दमकल ने पशुबाड़े में लगी आग पर काबू पाया।
बीला दक्षिण निवासी रज्जू यादव घर से कुछ दूरी पर पशुबाड़ा बनाए हैं। यहां जानवर बांधने के साथ ही भूसा और ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी रहती है। पशुबाड़े में उसकी मां केसरदेवी (70) प्रतिदिन की तरह सोने गई थीं। देर रात सोते समय पशुबाड़े में अचानक आग लग गई। आग की लपटें व धुएं का गुबार उठने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
वृद्धा की चीख सुनकर ग्रामीणों ने समीप में स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक वृद्धा की जलकर मौत हो गई।
मृतका के बेटे ने बताया कि पशुबाड़े में रखा अनाज, भूसा समेत दो लाख रुपये कीमत का सामान भी जल गया। थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।