महोबा/बेलाताल। कोतवाली कुलपहाड़ के खोनरिया निवासी बृजेंद्र (42) शनिवार की दोपहर बाइक से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी तरह बजरिया निवासी हरकुंवर, महुआबांध निवासी फूलसिंह, जैतपुर निवासी तीरथ, इमिलियाडांग निवासी रवि, पसानाबाद निवासी ईश्वरदास, पसवारा निवासी संजू, भागीरथ व गंगादीन अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। जहां ईश्वरदास की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। (संवाद)
युवक समेत दो ने खाया जहर
महोबा। जिले में युवक समेत दो लोगों ने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। कोतवाली क्षेत्र के शाहपहाड़ी गांव निवासी सतीश (33) का शुक्रवार की देर शाम किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद हो गया। जिससे नाराज होकर उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह लवकुशनगर निवासी पप्पू (30) ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। (संवाद)
संदिग्ध हालात में युवती की मौत
महोबा। संदिग्ध हालात में एक युवती की मौत हो गई। मोहल्ला समदनगर निवासी सानिया (18) शनिवार की सुबह घर पर थी। तभी अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। गला चोक होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। तैनात डॉ. विष्णु गुप्ता ने बताया कि युवती को गले में सूजन की शिकायत थी। जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बगैर ही घर ले गए। घटना से परिजन गमगीन हो गए। (संवाद)