महोबा। नगर पालिका महोबा की ओर से एक बार फिर दुकानों का दस गुना किराया बढ़ा दिया गया है। इससे दुकानदार परेशान हैं। बुधवार को बढ़ा हुआ किराया वापस लिए जाने के लिए भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया को ज्ञापन सौंपा।
व्यापार मंडल के जिला महामंत्री रामजी गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद मुशीर, कोषाध्यक्ष अरुण गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष मनु गुप्ता, कमलेश शिवहरे, आलोक चौरसिया, सुनील साहू आदि ने पालिकाध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में बताया कि पिछलीवार दुकानों का किराया बढ़ाया गया था। जिसे बाद में वापस ले लिया गया था। उस समय व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि दुकानों को किराया नहीं बढ़ाया जाएगा।
यदि दुकानों का किराया बढ़ाया जाएगा तो व्यापारियों की सलाह के अनुसार ही बढ़ाया जाएगा लेकिन पालिका प्रशासन ने दुकानों का किराया बढ़ा दिया है। व्यापारियों से सलाह भी नहीं ली गई। दस गुना किराया बढ़ाने से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने बढ़ा अत्याधिक किराया वापस लेने व उचित किराया बढ़ाने की मांग की है।